बुधवार, 10 फ़रवरी 2016

Meeshka Ko kya Pasand Hai

मीश्का को क्या पसन्द है
लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनुवाद: आ. चारुमति रामदास


एक बार मैं और मीश्का उस हॉल में गए जहाँ म्यूज़िक की क्लास लगती है. बोरिस सेर्गेयेविच अपने पियानो पर बैठे थे और हौले-हौले कुछ बजा रहे थे. मैं और मीश्का खिड़की की सिल पर बैठ गए और हमने उन्हें ज़रा भी डिस्टर्ब नहीं किया; उन्होंने भी हमें नहीं देखा और बस, अपना बजाते रहे, उनकी उँगलियों के नीचे से अलग अलग तरह की आवाज़ें उछल-उछल कर बाहर आ रही थीं. वे चारों ओर फैल रही थीं, और कोई बहुत प्यारी सी, ख़ुशनुमा सी चीज़ पैदा हो रही थी. मुझे बहुत अच्छा लगा, मैं काफ़ी देर तक इस तरह बैठ कर सुन सकता था, मगर बोरिस सेर्गेयेविच ने जल्दी ही बजाना बन्द कर दिया. उन्होंने पियानो का ढक्कन बन्द किया, और प्रसन्नता से बोले:
 “ओह! ये कौन लोग हैं! बिल्कुल डाल पर दो चिड़ियों की तरह बैठे हैं! तो, बोलो, क्या हाल है?”
मैंने पूछा:
 “ये आप क्या बजा रहे थे, बोरिस सेर्गेयेविच?”
उन्होंने जवाब दिया:
 “ये शोपेन था. मुझे वह बहुत पसन्द है.”
मैंने कहा:
 “बेशक, जब आप म्यूज़िक-टीचर हैं, तो आप अलग–अलग तरह के गाने पसन्द करेंगे ही.”
उन्होंने कहा:
 “ये गाना नहीं है. हाँलाकि गाने मुझे अच्छे लगते हैं, मगर ये गाना नहीं था. जो मैं बजा रहा था, उसका एक बहुत बड़ा नाम है, न कि सिर्फ ‘गाना’.”
मैंने कहा:
 “क्या? क्या नाम है?”
उन्होंने बड़ी संजीदगी से, बड़ी अच्छी तरह समझाया:
 “म्यू-ज़ि-क. शोपेन – महान संगीतकार थे. उन्होंने म्यूज़िक की बड़ी शानदार रचनाएँ कीं. और मुझे दुनिया में सबसे ज़्यादा म्यूज़िक पसन्द है.”
अब उन्होंने ग़ौर से मेरी तरफ़ देखा और बोले:
 “अच्छा, तुझे क्या अच्छा लगता है? दुनिया में सबसे ज़्यादा?”
मैंने जवाब दिया:
 “मुझे कई सारी चीज़ें अच्छी लगती हैं.”
और मैंने उन्हें बताया कि मुझे क्या क्या पसन्द है. कुत्ते के बारे में बताया, लकड़ी छीलने के बारे में बताया, छोटे से हाथी के बारे में, लाल घुड़सवारों के बारे में, लाल खुरों वाले छोटे से हिरन के बारे में, और प्राचीन योद्धाओं के बारे में, ठण्डे सितारों के बारे में, और घोड़ों के थोबड़ों के बारे में, सब, सब, सब बताया...
वे बड़े ध्यान से मेरी बात सुन रहे थे, जब वह सुन रहे थे तब उनके चेहरा सोच में डूबा था, और फिर उन्होंने कहा:
 “ग्रेट! और मुझे मालूम ही नहीं था. ईमानदारी से कहूँ, तू अभी इतना छोटा है, तू बुरा मत मानना, मगर देख-तो- इत्ती सारी चीज़ें पसन्द करता है! पूरी दुनिया.”
अब मीश्का भी बातचीत में शामिल हो गया. वह गाल फुलाकर कहने लगा:
 “और मैं तो डेनिस्का से भी ज़्यादा अलग-अलग तरह की बहुत सारी चीज़ें पसन्द करता हूँ! ज़रा सोचिए!!”
बोरिस सेर्गेयेविच हँस पड़े:
 “बड़ी दिलचस्प बात है! तो, चल, अपने दिल का राज़ खोल दे. अब तेरी बारी है, उठा टॉर्च! तो, हो जा शुरू! तुझे क्या पसन्द है?”
मीश्का खिड़की की सिल पर थोड़ा कुलबुलाया, फिर वह थोड़ा खाँसा और बोला:
 “मुझे रोल, बन, ब्रेड-लोफ़, और प्लम-केक पसन्द है! मुझे ब्रेड, और केक, और पेस्ट्री, और जिंजर-ब्रेड, चाहे तूला की हो, या शहद वाली, या आईसिंग वाली हो, पसन्द है.
 “रिंग जैसे क्रैक्नेल भी अच्छे लगते हैं, और कुकीज़, और मीट, जैम, कैबेज और चावल भरी पेस्ट्रीज़ भी.
 “मुझे समोसे बेहद हैं , ख़ासकर केक भरे, अगर वे ताज़े हैं; मगर बासे हों तो भी कोई बात नहीं. ओटमील्स और वैनिला बिस्किट्स भी चलते हैं.
 “और, मछलियों में, मुझे स्प्रैट, साइरा, नमक लगी पेर्च, गोबि टमाटर सॉस के साथ, उथले पानी की मछली उसी के रस में, कैवियर चटनी के साथ, सब्ज़ियों के स्लाईस और फ्राइड पोटॅटो अच्छे लगते हैं.          
 “उबला हुआ सॉसेज बेहद पसन्द है, अगर ‘डॉक्टर्स्काया’ ब्रॅण्ड हो तो पूरा एक किलो खा जाऊँगा! ‘स्तोलोवाया’ भी पसन्द है. ये चीज़ें मुझे सबसे ज़्यादा पसन्द हैं.
 “मक्खन के साथ मैकरोनी बहुत पसन्द है, वेर्मिसेली – मक्खन के साथ, चीज़...
 “जैम बहुत अच्छा लगता है, जैम और दही, दही और नमक, मीठा दही, खट्टा दही; ऍपल्स पसन्द हैं, शक्कर में लिपटे हुए, वैसे सिर्फ ऍपल्स भी अच्छे लगते हैं, और अगर ऍपल्स साफ़ किए हुए हों, तो पहले ऍपल्स खाकर बाद ही में कुछ और खाता हूँ.
 “बिस्किट्स, कटलेट्स, सूप, हैरिंग, हरी सब्ज़ियों का सूप, हरी मटर,  बॉइल्ड मीट, स्क्रैम्बल्ड-एग्स, शक्कर, चाय, मिनरल वाटर, ब्रेड-बटर....
 “हलवे के बारे में तो मैं कुछ कहूँगा ही नहीं – किस बेवकूफ़ को हलवा अच्छा नहीं लगता? आह, हाँ! आईस्क्रीम तो बेहद पसन्द है. सात कोपेक वाली, तेरह, पन्द्रह, उन्नीस, बाईस और अठ्ठाईस कोपेक वाली...सभी पसन्द है.”
मीश्का गोल-गोल आँखें घुमाते हुए छत की ओर देखे जा रहा था और गहरी—गहरी साँस ले रहा था. ज़ाहिर था कि वह खूब थक गया है. मगर बोरिस सेर्गेयेविच उसकी ओर ध्यान से देखे जा रहे थे, और वह बोलता रहा.
आख़िरकार वह एक गहरी साँस लेकर ख़ामोश हो गया. उसकी आँखों से पता चल रहा था कि अब वह इंतज़ार कर रहा है कि कैसे बोरिस सेर्गेयेविच उसकी तारीफ़ करेंगे. मगर उन्होंने कुछ अप्रसन्नता से और कुछ सख़्ती से मीश्का की ओर देखा. जैसे कि वो भी मीश्का से कुछ और सुनना चाहते थे : क्या मीश्का को कुछ और बताना है. मगर मीश्का चुप था. ऐसा लग रहा था कि उन दोनों को ही एक दूसरे से किसी बात की उम्मीद थी, और इस उम्मीद में वे ख़ामोश थे.
ख़ामोशी को तोड़ा बोरिस सेर्गेयेविच ने.
 “तो, मीश्का,” उन्होंने कहा, “तुझे बहुत सारी चीज़ें पसन्द हैं, बहस की कोई बात ही नहीं है, मगर वो सब कुछ एक जैसा है, बस खाने-पीने की चीज़ें ही हैं. ऐसा लगता है कि तुझे बस ‘फूड-वर्ल्ड’ ही पसन्द है. और बस, इतना ही...और लोग? तुम किसे प्यार करते हो? या फिर कोई जानवर?”
अब मीश्का थरथरा गया और लाल हो गया.
 “ओय,”  उसने झेंपते हुए कहा, “देखिए, मैं तो भूल ही गया था! और मुझे पसन्द हैं – बिल्ली के पिल्ले! और दादी!”
     

****

Haathi aur Radio


हाथी और रेडियो  

लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनुवाद: आ. चारुमति रामदास

दुनिया में ऐसे छोटे-छोटे रेडियो होते हैं, वे सचमुच के रेडियो से छोटे होते हैं, सिगरेट के डिब्बे जितने बड़े. और उनका अन्टेना घूमता है. ओह, क्या ज़ोर से बजते हैं, पूरी कॉलोनी में सुनाई देता है! ग़ज़ब की चीज़ है! ये चीज़ मेरे पापा को उनके दोस्त ने प्रेज़ेंट की थी. इस रेडियो का नाम है ट्रान्सिस्टर. उस शाम, जब हमें वह दिया गया था, हम पूरे समय प्रोग्राम सुनते रहे. मैंने उसे अच्छी तरह से चलाना सीख लिया और अन्टेना को मैं कभी निकाल देता, कभी बाहर कर लेता, और सारे बटन घुमाता, और म्यूज़िक लगातार और ज़ोर से बजता रहता, क्योंकि मैं तो इस काम में इतना एक्सपर्ट हूँ कि पूछिए मत.
इतवार को सुबह मौसम एकदम साफ़ था, सूरज पूरे जोश से चमक रहा था, और पापा ने सुबह-सुबह कहा:
 “चल, जल्दी से तैयार हो जा, और फिर हम दोनों ज़ू-पार्क जाएँगे. काफ़ी दिनों से गए नहीं हैं, एकदम ‘बोर’ हो गए हैं.”
ये सुनकर मैं भी बहुत ख़ुश हो गया, और मैं जल्दी से तैयार हो गया. आह, मुझे ज़ू-पार्क में घूमना अच्छा लगता है, छोटी सी लामोच्का (दक्षिण अमेरिका में पाया जाने वाला ऊँट की जाति का जीव, जो बोझा ढ़ोने के काम आता है.) को देखना और यह कल्पना करना अच्छा लगता है कि उसे हाथों में लेकर सहलाया जा सकता है! और उसका दिल पागल की तरह धड़क रहा है, और वह अपने सुंदर, फुर्तीले पैरों से चढ़ रही है. और ऐसा लगता है कि अभी ज़ोर से टकरा जाएगी. मगर, कोई बात नहीं, सब ठीक हो जाता है.              
या फिर छोटा सा टाइगर. उसे भी हाथों में लेना कितना अच्छा होता! और वो तुम्हारी ओर डरी-डरी आँखों से देख रहा है. रूह एकदम पंजों में समा गई है. डरता है, बेवकूफ़, शायद सोचता है : शायद, मेरी मौत की घड़ी आ गई.
जंगली भैंसे की चारदीवारी के सामने खड़े होना और उसके बारे में सोचना भी अच्छा लगता है कि ये ज़िंदा पहाड़, जिस पर मानो सोच में डूबे बूढ़े का चेहरा लगा है, और तुम इस पहाड़ के सामने खड़े हो और तुम्हारा वज़न है सिर्फ पच्चीस किलो, और ऊँचाई 97 से.मी. जब तक हम चल रहे थे, मैं पूरे रास्ते ज़ू-पार्क की अलग अलग विभिन्नताओं के बारे में सोचता रहा और मैं बड़े सुकून से चल रहा था, उछल-कूद नहीं कर रहा था, क्योंकि मेरे हाथों में ट्रान्सिस्टर था, जिसमें म्यूज़िक गुनगुना रहा था. मैं उसमें एक स्टेशन से दूसरा स्टेशन बदल रहा था, और मेरा मूड बेहद अच्छा था. और जब हम पहुँच गए, तो पापा ने कहा : “ हाथी के पास,” क्योंकि ज़ू-पार्क में पापा को सबसे ज़्यादा हाथी पसन्द था. पापा सबसे पहले उसीके पास जाते, जैसे किसी बादशाह के पास जाते हैं. वो हाथी का हालचाल पूछते हैं, और बाद में जहाँ सींग समाए, वहीं चल पड़ते हैं. इस बार भी हमने ऐसा ही किया. हाथी, जैसे ही घुसते हो, सीधे हाथ पे खड़ा है, एक अलग कोने में, छोटे से टीले पे; दूर से ही उसका विशालकाय शरीर दिखाई देता है, जो चार खम्भों पर खड़े किसी अफ्रीकन झोंपड़ें जैसा होता है.
उसकी फेन्सिंग के पास लोगों का एक बहुत बड़ा झुण्ड खड़ा था, जो उसे देखकर ख़ुश हो रहा था. उसका प्यारा-सा, मुस्कुराता-सा चेहरा दिखाई दे रहा था, वह तिकोने होंठ से कुछ बुदबुदा रहा था. मैं फ़ौरन भीड़ में से रास्ता बनाता हुआ हमारे शैंगो के पास पहुँचा (उसका नाम शैंगो था, वो इण्डियन हाथी महमूद का बेटा था – ऐसा उसकी फेन्सिंग के पास लगे ख़ास बोर्ड पर लिखा था.)
पापा भीड़ में से रास्ता बनाते हुए आगे आए और चिल्लाए:
 “गुड मॉर्निंग, शैंगो महमूदोविच!”
और हाथी ने देखा और ख़ुशी से सिर हिलाया. जैसे कि कह रहा हो, “ओह, नमस्ते, नमस्ते, आप कहाँ थे इतने दिन?”
और आसपास के लोगों ने मुस्कुराकर और कुछ ईर्ष्या से पापा की ओर देखा. और मुझे भी, सच कहूँ तो, बड़ी जलन हुए, कि हाथी ने पापा की बात का जवाब दिया. और मेरा भी दिल करने लगा कि शैंगो मेरी तरफ़ भी ध्यान दे, और मैं ज़ोर से चिल्लाया:
 “शैंगो महमूदोविच, नमस्ते! देखिए, मेरे पास क्या है.”
और मैंने पापा का ट्रान्सिस्टर अपने सिर के ऊपर उठा लिया. ट्रान्सिस्टर से म्यूज़िक आ रहा था, वह कई सारे सोवियत गाने बजा रहा था. शैंगो महमूदोविच मुड़ा और म्यूज़िक सुनने लगा. अचानक उसने अपनी सूँड ऊपर उठाई, उसे मेरी ओर बढ़ाया और अचानक हौले से मेरे हाथों से इस नासपीटे ट्रान्सिस्टर को छीन लिया.
मैं तो एकदम बुत बन गया, हाँ, और पापा भी. और पूरी भीड़ भी बुत बन गई. शायद, सब सोच रहे थे कि अब आगे क्या होता है : वापस दे देगा? ज़मीन पर पटक देगा? पैरों से कुचल देगा? मगर शैंगो महमूदोविच, शायद सिर्फ म्यूज़िक सुनना चाहता था. उसने न तो ट्रान्सिस्टर को तोड़ा, ना ही उसे वापस दिया. वह ट्रान्सिस्टर पकड़े था – और बस! वह म्यूज़िक सुन रहा था. और तभी, बदकिस्मती से, म्यूज़िक रुक गया, शायद, उनके पास कोई ‘ब्रेक’ था, मालूम नहीं. मगर शैंगो महमूदोविच सुनता रहा. उसके भाव ऐसे थे कि वो इंतज़ार कर रहा है कि कब ट्रान्सिस्टर बजना शुरू होगा. मगर, शायद लम्बा इंतज़ार करना था, क्योंकि ट्रान्सिस्टर ख़ामोश था. और तब, शायद, शैंगो महमूदोविच ने सोचा : ये बेकार की चीज़ मैं क्यों अपनी सूँड में उठाए हूँ? ये बज क्यों नहीं रहा है? देखूँ तो, इसका स्वाद कैसा है?
और, ज़्यादा सोच-विचार किए बिना, इस बिन्दास हाथी ने सीधे अपनी सूँड के नीचे, अपने नमदे जैसे बड़े मुँह में मेरे शानदार ट्रान्सिस्टर को घुसा दिया, हाँ, उसने उसे चबाया नहीं, बस, सिर्फ़ ऐसे रख लिया जैसे किसी सन्दूक में रख रहा हो, और, मुलाहिज़ा फ़रमाईये, गटक लिया.     
भीड़ दोस्ताना अंदाज़ में ‘आह! आह!’ कर उठी और सकते में आ गई. और हाथी ने एक धृष्ठ मुस्कान से इस अचंभित भीड़ की ओर देखा और दबी-दबी आवाज़ में कहा:
“अब हम सामूहिक एक्सरसाईज़ शुरू करते हैं! और!...”
और उसके भीतर से कोई जोश भरा संगीत गूंजने लगा. अब तो सब लोग हँसते-हँसते लोट-पोट हो गए, उनके पेट, बस फटने ही वाले थे, वे हँसी के मारे कराह रहे थे : इस जंगली शोर में और कोई आवाज़ें सुनाई नहीं दे रही थीं. हाथी एकदम शांति से खड़ा था. सिर्फ आँखों से बदमाशी झाँक रही थी.
और जब सब धीरे-धीरे शांत होने लगे, तो हाथी के मुँह से कुछ दबी-दबी मगर स्पष्ट आवाज़ सुनाई दी:
 “अपनी जगह पर तेज़ कूद, एक-दो, तीन-चार...”
और भीड़ में, संयोग से, बहुत सारे लड़के और लड़कियाँ थे, और जब उन्होंने ‘तेज़-कूद’ के बारे में सुना, तो ख़ुशी के किलकारियाँ मारने लगे. और फ़ौरन इस काम में शामिल हो गए:
 एक-दो-तीन-चार...वे मज़े से कूद रहे थे. और किलकारियाँ मार रहे थे, और दहाड़ रहे थे, और अलग-अलग करतब कर रहे थे. क्या बात है! हाथी की कमाण्ड में कूदना किसे अच्छा नहीं लगता? ऐसे में तो हर कोई कूदने लगेगा. मैं भी फ़ौरन कूदने लगा. जबकि मैं अच्छी तरह समझ रहा था कि चाहे और लोग कूदें या न कूदें, मुझे तो सबसे कम कूदना और ख़ुश होना चाहिए. असल में तो मुझे रोना चाहिए था. मगर इसके बदले, जानते हैं, मैं गेंद की तरह उछल रहा था : एक-दो-तीन-चार! और ऐसा लग रहा था कि मेरा ट्रान्सिस्टर छीन लिया गया है और इससे मुझे खुशी हो रही है. इस बीच एक्सरसाईज़ चलती रही. अब हाथी अगली एक्सरसाईज़ की ओर बढ़ा.
 “हाथों की मुट्ठियाँ बांधो, मुक्के हिलाने की और धक्का देने की एक्सरसाईज़. एक-दो-तीन!”
बेशक, अब तो हंगामा होने लगा. बस, समझ लीजिए कि यूरोपियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप हो रही है. कुछ लड़के और लड़कियाँ तो पूरी संजीदगी से यह एक्सरसाईज़ कर रहे थे और एक दूसरे को ऐसे धुनक रहे थे, कि अंजर-पंजर ढीले हो गए. वहाँ से गुज़रती हुई एक दादी-माँ ने किसी बूढ़े आदमी से पूछा:
 “यहाँ ये क्या हो रहा है? कैसी मारपीट है?”
और उसने उसे मज़ाक में जवाब दिया:
 “आम बात है. हाथी पब्लिक से फिज़िकल एक्सरसाईज़ करवा रहा है.”
दादी माँ का मुँह खुला रह गया.
मगर शैंगो महमूदोविच अचानक चुप हो गया, और मैं समझ गया कि मेरा रेडिओ उसके पेट में टूट ही गया है. बेशक किसी आँत-वाँत में घुस गया होगा और – हमेशा के लिए खो गया. इसी समय हाथी ने मेरी ओर देखा और, दुख से सिर हिलाते हुए, मगर काफ़ी उलाहने के साथ गा उठा:
 “क्या तुझे अभी भी याद है, कैसे सुख की घड़ी थी वो?”
मैं दुख के मारे रोने-रोने को हो गया. क्या मुझे याद है? ये भी क्या बात हुई! अगर एक पल और बीतता तो मैं मुक्कों से उस पर पिल पड़ता. मगर तभी उसके पास नीले एप्रन में एक आदमी आया. उसके हाथों में हरी-हरी टहनियाँ थीं, क़रीब पचास या शायद और भी ज़्यादा, और उसने हाथी से कहा:
 “ठीक है, ठीक है, दिखा, दिखा, तेरे भीतर ये क्या बज रहा है? मगर हौले से, हौले से, देख मैं तेरे लिये टहनियाँ लाया हूँ, अच्छा, अच्छा, खा ले.”
और उसने टहनियाँ हाथी के सामने रख दीं.
 शैंगो महमूदोविच ने बेहद सावधानी से उस आदमी के पैरों के पास मेरा ट्रान्सिस्टर रख दिया.
मैं चिल्लाया:
 “हुर्रे!”
 बाकी के लोग भी चिल्लाए:
 “वन्स मोर!”
और, हाथी मुड़ गया और टहनियाँ चबाने लगा. उस कर्मचारी ने चुपचाप मुझे मेरा ट्रान्सिस्टर दे दिया, - वह गरम था और उस पर लार चिपकी थी.
मैंने और पापा ने घर आकर उसे शेल्फ पर रखा और अब हम हर शाम उसे चलाते हैं. क्या बजता है! बिल्कुल अफ़लातून! सुनने के लिए आईये!

****

Agar


20
...अगर

लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनुवाद: आ. चारुमति रामदास


एक बार मैं बैठा था, बैठा था और अचानक मेरे दिमाग़ में ऐसा ख़याल आया कि मैं ख़ुद भी चौंक गया. मैंने सोचा, कि कितना अच्छा होता अगर दुनिया की सारी चीज़ें उलटी-पुलटी हो जातीं. जैसे कि, मिसाल के तौर पर, बच्चे हर चीज़ में महत्वपूर्ण होते और बड़ों को उनकी हर बात माननी पड़ती. मतलब, बच्चे बड़ों जैसे होते और बड़े बच्चों जैसे होते. ये होती कमाल की बात, कितना मज़ा आता!
सबसे पहले, मैं कल्पना करता हूँ कि मम्मा को ये बात कितनी ‘अच्छी’ लगती, कि मैं घूम रहा हूँ और उस पर अपनी मर्ज़ी से हुकुम चला रहा हूँ, और पापा को भी कितना ‘अच्छा’ लगता, और दादी के बारे में तो कुछ कहने की ज़रूरत ही नहीं है. मैं सबसे गिन गिनकर बदला लेता! मिसाल के तौर पर, मम्मा खाना खाने बैठी है, और मैं उससे कहता:
”ये बगैर ब्रेड के खाने का क्या फ़ैशन सीख लिया है तूने? और देख! ज़रा आईने में अपनी शकल देख, किसके जैसी दिखाई दे रही है? खूसट बुड्ढी! फ़ौरन खा, तुझसे कह रहे हैं!” – और वो सिर झुकाकर खाने लगती, और मैं बस हुकुम चलाता: “जल्दी! गाल पे हाथ मत रख! फिर सोचने लगी? सारी दुनिया की प्रॉब्लेम्स तुझे ही तो सुलझानी हैं ना? खा, जैसी तेरी मर्ज़ी! और कुर्सी पर झूला न झूल!”
और तभी पापा काम से लौटते, और वह कपड़े भी न उतारते कि मैं चिल्लाना शुरू करता:
 “आहा, आ गया! हमेशा, बस, तेरी राह ही देखते रहो! फ़ौरन हाथ धो! कैसे धो रहा है, कैसे धो रहा है, गन्दगी फैलाने की ज़रूरत नहीं है. तेरे हाथ पोंछने के बाद तौलिए की ओर देखा नहीं जाता. ब्रश से घिस और खूब साबुन लगा. चल, नाखून दिखा! ओह, कितने डरावने हैं, ये नाखून हैं? ये तो किसी जानवर के तीखे नाखून हैं! कैंची कहाँ है? खींच मत! मैं कोई ऊँगली का माँस नहीं खींच रहा हूँ, बल्कि बड़ी सावधानी से काट रहा हूँ. नाक न सुड़क, तू कोई लड़की नहीं है...ये, हो गया. अब मेज़ पे बैठ जा.”
वो बैठ जाते और हौले से मम्मा से कहते:
 “कैसी है तू?”
और वो भी धीरे से जवाब देती:
 “ठीक हूँ, थैन्क्यू!”
मैं फ़ौरन कहता:
 “मेज़ पे बात नहीं! जब मैं खाना खा रहा होता हूँ तो गूँगे और बहरे बन जाओ! ये बात ज़िन्दगी भर याद रखना. सुनहरा नियम! पापा! वो अख़बार रख दो, सज़ा हो तुम मेरे लिए!”
और वे चुपचाप बैठे रहते, और जब दादी आती, तो मैं आँखें बारीक कर लेता, हाथ नचाता और ज़ोर से कहता:
 “पापा! मम्मा! ज़रा देखो हमारी दादी जान को! क्या शकल बना रखी है! सीना खुला हुआ, हैट सिर से खिसकी जा रही है! गाल लाल, सारी गर्दन गीली! बढ़िया, क्या कहने! मान ले कि फिर से हॉकी खेलने गई थी! और ये गन्दी लकड़ी कैसी है? तू इसे घर क्यों घसीट लाई? क्या? ये आईस-हॉकी वाली स्टिक है! फ़ौरन मेरी आँखों के सामने से दूर कर – पिछले दरवाज़े से!”
अब मैं कमरे में टहलता और उन तीनों से कहता:
”खाना खाने के बाद सब होम वर्क करने बैठो, और मैं फिल्म देखने जाऊँगा!”
बेशक, वे फ़ौरन बिसूरने लगते और ठिनकने लगते:
 “हम भी तुम्हारे साथ जाएँगे! हमें भी फिल्म देखना है!”
मैं उनसे कहता:
 “किसी हालत में नहीं, किसी हालत में नहीं! कल बर्थ-डे पार्टी में गए थे, इतवार को मैं तुम्हें सर्कस ले गया था! छिः! हर रोज़ घूमने-फिरने की आदत पड़ गई है. घर में बैठो! चलो, ये तुम्हॆ तीस कोपेक देता हूँ आईस्क्रीम के लिए, बस!”
तब दादी विनती करती:
 “कम से कम मुझे तो ले चल! हर बच्चा अपने साथ किसी बड़े को मुफ़्त में तो ले जा सकता है!”
 मगर मैं उसकी बात काट देता, मैं कहता:
 “मगर इस फिल्म में सत्तर साल से बड़े लोगों को नहीं आने दिया जाता. घर में बैठ, घुमक्कड़ कहीं की!”
     
और मैं जानबूझ कर ज़ोर ज़ोर से एड़ियाँ खटखटाते हुए उनके सामने से निकल जाता, जैसे कि मैं देख ही नहीं रहा हूँ कि उन सब की आँखें गीली हैं, और मैं कपड़े पहनने लगता, बड़ी देर तक आईने के सामने घूम घूम कर देखता रहता, और गाना गाने लगता, और वे इससे और भी ज़्यादा दुखी होते, मैं सीढ़ियों का दरवाज़ा थोड़ा सा खोलता और कहता:
मगर मैं सोच ही नहीं पाया, कि मैं क्या कहता, क्योंकि इसी समय मम्मा आ गई, असली, सचमुच की मम्मा और बोली:
 “तू अभी तक बैठा ही है. खा फ़ौरन, देख तो किसके जैसा दिख रहा है? बिल्कुल खूसट बुड्ढा!”


****

Chalak Tareeqa

चालाक तरीका


लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनु. : आ. चारुमति रामदास


 “तो,” मम्मा ने कहा, “ज़रा ग़ौर फ़रमाइए! छुट्टी कैसे बीत जाती है? बर्तन, बर्तन, बर्तन, दिन में तीन-तीन बार बर्तन! सुबह कप-प्लेट्स धोओ, और दिन में प्लेटों का पूरा पहाड़. बस, मुसीबत ही मुसीबत!”

 “हाँ,” पापा ने कहा,” वाक़ई में ये बड़ी भयानक बात है! कितने दुख की बात है कि इस बारे में किसीने कुछ सोचा भी नहीं है. ये इंजीनियर लोग क्या करते हैं? हाँ, हाँ...बेचारी औरतें...”
पापा ने गहरी साँस ली और दीवान पर बैठ गए.

मम्मा ने देखा कि वो कितने आराम से बैठ गए हैं और बोली:
 “”यहाँ बैठ कर घिनौने तरीक़े से आहें भरने की ज़रूरत नहीं है! इंजीनियरों के ऊपर भी सारा दोष मढ़ने की ज़रूरत नहीं है! मैं तुम दोनों को समय देती हूँ. लंच तक तुम दोनों को कुछ न कुछ सोचना है और मेरा ये नासपीटा बर्तन-धुलाई का काम हल्का करना है! जो नहीं सोचेगा, उसे मैं खाना नहीं दूँगी. बैठा रहे भूखा. डेनिस्का! ये तेरे बारे में भी है. तैयार हो जा कुछ सोचने के लिए!”
मैं फौरन विन्डो-सिल पर बैठ गया और सोचने लगा, कि इस बारे में क्या किया जाए. 

पहली बात तो ये थी कि मैं डर गया था कि मम्मा सचमुच में मुझे खाना नहीं देगी और मैं भूख से मर जाऊँगा; और दूसरी बात: मुझे इस बारे में सोचना बड़ा अच्छा लग रहा था, क्योंकि इंजीनियर्स कुछ कर नहीं पाए थे. और मैं बैठा था, सोच रहा था और कनखियों से पापा की ओर देख लेता था, कि उनका  क्या हाल है. मगर पापा ने तो सोचने के बारे में सोचा ही नहीं. उन्होंने दाढ़ी बनाई, फिर साफ कमीज़ पहनी, फिर दस अख़बारों की गड्डी पढ़ ली, और उसके बाद आराम से रेडियो लगा दिया और पिछले हफ़्ते की कुछ ख़बरें सुनने लगे.

तब मैंने और जल्दी सोचना शुरू कर दिया. पहले मैं किसी इलेक्ट्रिक मशीन के बारे में सोचने लगा जो ख़ुद-ब-ख़ुद बर्तन धो ले और उन्हें पोंछ भी ले. इसके लिए मैंने हमारी फ़र्श धोने वाली मशीन और पापा के इलेक्ट्रिक शेवर ‘खारकोव’ के स्क्रू खोल दिए. मगर मैं उसमें तौलिया अटकाने के लिए कोई जगह नहीं ढूँढ पाया.

पता चला कि मशीन चालू करने पर शेवर तौलिए के हज़ारों टुकड़े कर देगा. तब मैंने सारी चीज़ें फिर से जोड़ दीं और कुछ और सोचने लगा. और दो घण्टे बाद मुझे याद आया कि मैंने अख़बार में कन्वेयर के बारे में पढ़ा था, और इसके कारण मैंने अचानक बड़ी मज़ेदार चीज़ सोची. और जब लंच का टाइम हो गया और मम्मा ने मेज़ पर सब कुछ सजा दिया, और हम सब बैठ गए, तो मैंने कहा:
 “तो, पापा? तुमने सोच लिया?”
 “किस बारे में?” पापा ने कहा.
 “वही, बर्तन धोने के बारे में,” मैंने कहा. “वर्ना मम्मा हम दोनों का खाना बन्द कर देगी.”
  “वो तो उसने मज़ाक किया था,” पापा ने कहा. “वो अपने ख़ुद के बेटे को और बेहद प्यारे पति को कैसे नहीं खिलाएगी?”

और वो ज़ोर से हँसने लगे.

मगर मम्मा ने कहा:
 “मैंने कोई मज़ाक-वज़ाक नहीं किया है, अभी पता चलेगा! शर्म कैसे नहीं आती! मैं सौंवी बार कह रही हूँ – बर्तन धोते-धोते मेरा दम निकल जाता है! ये ज़रा भी कॉम्रेडों जैसा बर्ताव नहीं है : ख़ुद खिड़की की सिल पर बैठे रहना, और दाढ़ी बनाते रहना, और रेडियो सुनना, जब कि मैं अधमरी हो रही होती हूँ, बिना रुके आप लोगों के कप और प्लेटें धोती रहती हूँ.”
 “ठीक है,” पापा ने कहा, कोई तरक़ीब सोचते हैं! तब तक खाना तो खा लें! ओह, छोटी-छोटी बातों के पीछे ये नाटक!”
 “आह, छोटी-छोटी बातों के पीछे?” मम्मा ने कहा और वह एकदम भड़क गई. “क्या कहने, बहुत ख़ूब! और अगर मैं सचमुच ही खाना न दूँ तो फिर तुम लोग ऐसी बकवास नहीं करोगे!”
और उसने ऊँगलियों से अपनी कनपटियाँ दबाईं और मेज़ से उठ गई. और मेज़ के पास खड़े-खड़े बड़ी देर तक पापा को देखती रही. और पापा ने सीने पर हाथ रख लिए और कुर्सी पर झूलने लगे और वो भी मम्मा की ओर देखते रहे. और वो दोनों ख़ामोश थे. और कोई खाना-वाना भी नहीं था. मगर मुझे तो ज़ोर की भूख लगी थी. मैंने कहा:
 “मम्मा! ये, बस, अकेले पापा ने ही तो कुछ नहीं सोचा है. मगर मैंने तो सोच लिया है! सब ठीक है, तुम परेशान न होना. चलो, खाना खाएँगे.”
मम्मा ने कहा:
 “तूने आख़िर क्या सोच लिया?”
मैंने कहा:
 “मम्मा, मैंने एक चालाक तरीक़ा सोचा है!”
उसने कहा:
 “चल, चल, बता दे...”
मैंने पूछा:
 “तुम हर बार खाने के बाद खाने के कितने सेट्स धोती हो? हाँ, मम्मा?”
 उसने जवाब दिया:
 “तीन.”
 “तब कहो ‘हुर्रे’,” मैंने कहा, “अब से तुम बस एक ही सेट धोया करोगी! मैंने एक चालाक तरीका सोच लिया है!”
 “चल, बता भी दे,” पापा ने कहा.
 “चलो, पहले खाना खा लेते हैं,” मैंने कहा. “खाना खाते-खाते मैं बताऊँगा, मुझे तो बड़े ज़ोर की भूख लगी है.”
 “चलो, ठीक है,” मम्मा ने गहरी साँस ली, “चलो, खा लेते हैं.”
और हम खाना खाने लगे.
 “तो?” पापा ने कहा.
 “बड़ा आसान है,” मैंने कहा. “तुम बस सुनती रहना, मम्मा, देख लेना सब कुछ कितना बढ़िया हो जाएगा! देखो: जैसे, ये खाना तैयार है. तुम बस एक ही सेट मेज़ पर रखती हो. रखती हो, तुम, याने कि, बस एक ही सेट, गहरी प्लेट में सूप डालती हो, मेज़ के पास बैठती हो, सूप खाने लगती हो और पापा से कहती हो, “खाना तैयार है!”
पापा, बेशक, हाथ धोने जाते हैं, और, जब तक वो हाथ धोते हैं, तुम, मम्मा, अपना सूप ख़तम कर चुकी होती हो, और पापा को अपनी ही प्लेट में नया सूप डालकर देती हो.”
और ये, पापा कमरे में लौटते हैं और फ़ौरन मुझसे कहते हैं:
  “डेनिस्का, खाना तैयार है! जा, हाथ धो ले!”

मैं जाता हूँ. तुम, इस समय उथली प्लेट से कटलेट्स खा रही होती हो. और पापा सूप खाते रहते हैं. और मैं हाथ धोता रहता हूँ. और जब मैं उन्हें धो लेता हूँ, मैं आप लोगों के पास आता हूँ, और यहाँ, पापा ने सूप ख़त्म कर लिया है, और तुमने कटलेट्स खा लिए हैं. और जब मैं अन्दर आया तो पापा ने अपनी ख़ाली प्लेट में नया सूप डाला, तुमने पापा को अपनी ख़ाली प्लेट में कटलेट्स दिए. मैं सूप खा रहा हूँ, पापा कटलेट्स खा रहे हैं, और तुम आराम से ग्लास में फलों का स्ट्यू पी रही हो.

जब पापा कटलेट्स ख़तम कर चुके होते हैं, तभी मैं भी अपना सूप ख़त्म कर चुका हूँ. तब वो अपनी उथली प्लेट में कटलेट्स डालते हैं, और इस समय तुम स्ट्यू ख़त्म कर चुकती हो और पापा को उसी गिलास में स्ट्यू डाल कर देती हो. मैं सूप वाली ख़ाली प्लेट सरका देता हूँ, कटलेट्स वाली प्लेट लेता हूँ, पापा स्ट्यू पीने लगते हैं, और तुम, शायद, खाना ख़त्म कर चुकी हो, इसलिए तुम सूप वाली गहरी प्लेट उठाती हो और उसे धोने के लिए किचन में जाती हो!

जब तक तुम वो प्लेट धोती हो, मैं कटलेट्स खा चुका  होता हूँ, और पापा – स्ट्यू. अब वो मेरे लिए गिलास में स्ट्यू डालते हैं और उथली वाली प्लेट तुम्हारे पास ले जाते हैं, मैं एक ही घूँट में स्ट्यू गटक जाता हूँ और ख़ुद वो खाली गिलास किचन में ले जाता हूँ! सब कुछ कितना आसान है! और तुम्हें तीन सेट्स के बदले बस एक ही सेट धोना पड़ता है. हुर्रे!”
 “हुर्रे!” मम्मा ने कहा. “हुर्रे तो हुर्रे, मगर ये बहुत अनहाइजीनिक है!”
 “बकवास!” मैंने कहा, “आख़िर सब अपने ही तो हैं. मुझे, मिसाल के तौर पर, पापा के बाद खाने में कोई ऐतराज़ नहीं है. मैं उनसे प्यार करता हूँ. तो, फिर बात क्या है...मैं तुमसे भी प्यार करता हूँ.”
 “”वाक़ई में , बड़ा चालाक तरीका है,” पापा ने कहा. “मगर. चाहे कुछ भी कहो, तीन किश्तों में खाने के मुक़ाबले में, सबके एक साथ बैठकर खाने का मज़ा ही कुछ और है.”
 “हाँ,” मैंने कहा, “मगर, मम्मा के लिए ये आसान है! बर्तन तो एक तिहाई रह जाते हैं ना.”
 “जानते हो,” पापा ने सोच में डूबे-डूबे कहा, “मुझे लगता है कि मैंने भी एक तरीका सोच लिया है. हाँ ये सच है कि वो इतना चालाक नहीं है, मगर फिर भी...”
 “बताओ,” मैंने कहा.

 पापा उठे, आस्तीनें चढ़ाईं और मेज़ से सारे बर्तन इकट्ठे कर लिए.
 “मेरे पीछे आ जा,” उन्होंने कहा, “मैं तुझे अपना ना-चालाक तरीका दिखाता हूँ. वो ये है कि अब से हम और तुम मिलकर सारे बर्तन साफ़ किया करेंगे!”
और वो चल पड़े.

मैं उनके पीछे भागा. और हमने सारे बर्तन धो डाले. हाँ, बस केवल दो सेट्स. क्योंकि तीसरा तो मैंने तोड़ दिया. ये, बस, मेरे हाथ से हो गया, मैं पूरे समय यही सोच रहा था कि पापा ने कितना सीधा-सादा तरीका सोचा है.


और मेरे दिमाग़ में ये क्यों नहीं आया?...

Na Piff, Na Paff

ना पिफ़्, ना पाफ़्
लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनु. : आ. चारुमति रामदास

जब मैं स्कूल नहीं जाता था, तब मैं बहुत ही नर्म दिल वाला था. मैं किसी भी दर्द भरी बात के बारे में बिल्कुल नहीं सुन सकता था. और अगर किसी ने किसी को खा लिया, या फिर आग में फेंक दिया, या घुप् अंधेरे कमरे में बंद कर दिया – तो मैं फ़ौरन रोने लगता था. जैसे कि, मान लीजिए, भेड़ियों ने बकरी के छौने को खा लिया और इसके बाद बस उसका मुँह और उसकी टाँगें ही रह गईं. मैं तो बस बिसूरने लगता था. या फिर, जैसे कि, जादूगरनी ने राजकुमार और राजकुमारी को ड्रम में बिठाकर इस ड्रम को समन्दर में फेंक दिया. मैं फिर से बिसूरने लगता. और वो भी कैसे! मेरी आँखों से आँसुओं की मोटी मोटी धारें निकल कर फर्श पर बहने लगतीं और उनके डबरे भी बन जाते.
ख़ास बात ये थी कि जब मैं कहानी सुनता था, तो मैं पहले से ही, उस भयानक घटना के शुरू होने से पहले ही, रोने के लिए तैयार हो जाता. मेरे होंठ टेढ़े-मेढ़े हो जाते और मेरी आवाज़ कँपकँपाने लगती, जैसे कि किसी ने गर्दन से पकड़कर झकझोर दिया हो. और मम्मा समझ ही नहीं पाती थी कि उसे क्या करना चाहिए, क्योंकि मैं हमेशा उससे कहानियाँ पढ़ने के लिए या सुनाने के लिए कहता, और जैसे ही कहानी डरावनी बात तक पहुँचती, मैं फ़ौरन समझ जाता और बीच ही में मम्मा से कहानी को छोटा करने के लिए कहता. दुर्घटना होने के क़रीब दो-तीन सेकण्ड पहले ही मैं कँपकँपाती आवाज़ में उसे मनाता : “इस जगह को छोड़ दो, मम्मा!”
मम्मा, बेशक, वो जगह छोड़ देती, पाँचवें से दसवें पृष्ठ पर कूद जाती, और मैं आगे सुनने लगता, मगर बस थोड़ी ही देर, क्योंकि कहानियों में तो हर मिनट कुछ-न-कुछ होता ही रहता है, और जैसे ही मुझे समझ में आता कि अब कोई दुर्घटना होने वाली है, मैं फिर से बिसूरने लगता और मम्मा से कहता: “ये भी छोड़ दो!”
मम्मा फिर से कोई ख़ून-ख़राबे वाली बात छोड़ देती और मैं कुछ देर के लिए शांत हो जाता. और इस तरह परेशानियों से, रुक-रुक कर चलते-चलते, और कहानी को दनादन् छोटा-छोटा करते-करते हम आख़िरकार एक सुखी अंत तक पहुँच ही जाते.
बेशक, मुझे यह महसूस होता कि इस सबके कारण कहानियाँ उतनी दिलचस्प नहीं रह जातीं : पहली बात, वे बेहद छोटी हो जातीं, और दूसरी बात ये कि उनमें कोई भी साहसी कारनामे बाकी न बचते. मगर, मैं उन्हें आराम से तो सुन सकता था, सुनते-सुनते आँसुओं से नहा तो नहीं जाता, और फिर ऐसी कहानियों के बाद रात को चैन से तो सो सकता था, खुली आँखों से बिस्तर पर पड़ा तो नहीं रहता और सुबह तक डरता तो नहीं रहता. और इसीलिए इस तरह की संक्षिप्त कहानियाँ मुझे बहुत अच्छी लगतीं. वे इतनी शांत-शांत हो जातीं. जैसे कि ठण्डी, मीठी चाय. मिसाल के तौर पे, एक कहानी है – लाल हैट वाली. मैंने और मम्मा ने उसमें इत्ता सारा छोड़ दिया है कि वो दुनिया की सबसे छोटी कहानी बन गई है. मम्मा उसे इस तरह सुनातीं:
 ‘ लाल हैट वाली एक लड़की थी. एक बार उसने समोसे बनाए और चल पड़ी अपनी दादी से मिलने. और फिर वे दोनों सुख से रहने लगीं.’
  मैं बहुत ख़ुश हो गया कि उनके साथ सब कुछ अच्छा हो गया. मगर, अफ़सोस, बस यही एक परेशानी तो नहीं थी. एक और कहानी से, ख़रगोश वाली कहानी से, मुझे ख़ास तौर से बहुत दुख होता. ये एक छोटी सी कहानी है, किसी ‘राइम’ की तरह, दुनिया के सारे बच्चे उसे जानते हैं:
“एक, दो, तीन, चार, पाँच,
निकला ख़रगोश घूमने आज,
एक शिकारी फ़ौरन भागा...

बस, अब तो मेरी नाक में सुरसुराहट होने लगती और होंठ अलग-अलग दिशाओं में चले जाते, ऊपर वाला दाएँ, नीचे वाला बाएँ, और इस बीच कहानी चलती रहती...शिकारी, मतलब, अचानक भागते हुए आता और...
और ख़रगोश को मार गिराया!

यहाँ तो मेरे दिल की धड़कन ही रुक जाती. मैं समझ ही नहीं पाता कि ऐसा कैसे होता है. ये बदहवास शिकारी सीधे ख़रगोश पर गोली क्यों चलाता है? ख़रगोश ने उसका क्या बिगाड़ा था? पहले शुरूआत क्या उसने की थी? बिल्कुल नहीं! उसने उसे चिढ़ाया भी नहीं था. वो तो बस घूमने निकला था! और ये तो बिना बात के:

पिफ़्-पाफ़्
अपनी भारी भरकम दुनाली बन्दूक से! और मेरी आँखों से आँसू ऐसे बहने लगते, मानो नल से बह रहे हों. क्योंकि गोली ख़रगोश के पेट में लगी थी और वह बुरी तरह से ज़ख़्मी होकर चिल्ला रहा था:

ओय-ओय-ओय!

वह चिल्लाया:

    “ओय-ओय-ओय! अलबिदा, साथियों! अलबिदा, मेरे छौनों ! अलबिदा, मेरी ख़रगोशनी! अलबिदा, मेरी हँसती-खेलती ज़िन्दगी! अलबिदा, लाल-लाल गाजर और कुरकुरी गोभी! हमेशा के लिए अलबिदा मेरी चरागाह, और फूलों, और ओस की बूँदों, और पूरे जंगल, जहाँ हर झाड़ी के नीचे मेरे लिए घर और खाना तैयार था!
मैं जैसे अपनी आँखों के सामने देख रहा था कि कैसे भूरा ख़रगोश पतले बर्च के नीचे पड़ा है और मर रहा है...
मगर एक बार रात को, जब सब सोने चले गए, मैं बड़ी देर अपनी कॉट पर पड़ा-पड़ा बेचारे ख़रगोश को याद करता रहा और सोचता रहा कि कितना अच्छा होता अगर उसके साथ ये सब न हुआ होता. वाक़ई में कितना अच्छा होता, अगर ये सब न हुआ होता. और मैंने इतनी देर तक इसके बारे में सोचा कि अनजाने ही इस कहानी को दुबारा से बना डाला:
 
“एक, दो, तीन, चार, पाँच,
निकला ख़रगोश घूमने आज,
एक शिकारी फ़ौरन भागा...
और ख़रगोश को...
नहीं मारा!!!
ना पिफ़्! ना पाफ़्!
ना ही ओय-ओय-ओय!
नहीं मरा ख़रगोश मेरा!!!

ये हुई न बात! मैं हँसने भी लगा! कैसे सब कुछ अच्छा हो गया! ये तो वाक़ई में चमत्कार हो गया. ना पिफ़्! ना पाफ़्! मैंने बस एक छोटा-सा ‘ना’ लगा दिया, और शिकारी तो, जैसे कुछ हुआ ही न हो, अपने एड़ियों वाले फ़ेल्ट के जूतों को खटखटाते हुए ख़रगोश के क़रीब से निकल गया. और वो ज़िन्दा बच गया! वो फिर से सबेरे-सबेरे दूब से ढँके खेत में खेला करेगा, उछलेगा और कूदेगा और अपने पंजों से पुराने, सड़े हुए पेड़ के ठूँठ को खुरचेगा. कैसा मज़ेदार, बढ़िया ड्रम जैसा है वो ठूठ !
और मैं अँधेरे में लेटा-लेटा मुस्कुरा रहा था और मम्मा को इस आश्चर्य के बारे में बताना चाह रहा था, मगर उसे जगाने से डर रहा था. आख़िर में मेरी आँख लग गई. जब मैं उठा, तो मुझे हमेशा के लिए पता चल गया था कि अब मैं दुख भरी कहानियाँ को सुनकर कभी भी नहीं रोऊँगा, क्योंकि अब मैं इन भयानक अन्यायपूर्ण बातों में किसी भी समय दखल दे सकता था, दखल दे सकता था और हर चीज़ अपनी मर्ज़ी के मुताबिक बदल सकता था, और सब कुछ अच्छा हो जाएगा. बस, सिर्फ सही समय पर कहने की ज़रूरत है:

“ना पिफ़्, ना पाफ़्!”



***


Butterfly Style...

बटरफ्लाई स्टाइल में तीसरा नंबर     

 लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनु. : आ. चारुमति रामदास

जब मैं स्विमिंग पूल से वापस घर लौट रहा था, तो मेरा मूड़ बहुत अच्छा था. मुझे सारी ट्रॉलीबसें अच्छी लग रही थीं, क्योंकि वो इतनी पारदर्शी हैं, जिससे साफ़-साफ़ दिखाई देता है कि उनमें कौन जा रहा है; और आइस्क्रीम बेचने वाली लड़कियाँ अच्छी लग रही थीं, क्योंकि वे हमेशा मुस्कुराती रहती हैं; और ये भी अच्छा लग रहा था कि रास्ते पे गर्मी नहीं थी और हवा का झोंका मेरे गीले सिर को ठंडक पहुँचा रहा है. मगर सबसे ज़्यादा अच्छी बात मुझे ये लग रही थी कि मेरा बटरफ्लाइ स्टाइल में तीसरा नंबर आया था और अब मैं पापा को इसके बारे में बताने वाला हूँ – वो कब से चाह रहे थे कि मैं तैरना सीख लूँ. वो कहते हैं कि सब लोगों को तैरना आना चाहिए, ख़ास तौर से लड़कों को तो आना ही चाहिए, क्योंकि वे मर्द होते हैं. और वो मर्द ही क्या, जो जहाज़ की दुर्घटना में समन्दर में डूब जाए या फिर, अपने तालाब ‘चीस्तिए प्रूदी’ में, नाव उलटने पर डूब जाए?
और आज मेरा तीसरा नम्बर आया है और अब मैं पापा को इस बारे में बताने वाला हूँ. मैं बड़ी जल्दी-जल्दी घर जा रहा था, और, जब मैं कमरे में घुसा, तो मम्मा ने फ़ौरन पूछ लिया:
 “ ये तू इतना चमक क्यों रहा है?”
मैंने कहा:
 “आज हमारी कॉम्पिटीशन थी.”
पापा ने कहा:
 “कैसी कॉम्पिटीशन?”
”बटरफ्लाइ स्टाइल में पच्चीस मीटर तैर कर...”
पापा ने पूछा:
 “तो, कैसी रही?”
 “तीसरा नम्बर!” मैंने कहा.
पापा का चेहरा खिल गया.
 “अच्छा?” उन्होंने कहा. “ये हुई न बात! शाबाश!” उन्होंने अख़बार एक ओर को रख दिया. “वेल डन!”
मुझे मालूम ही था कि वो ख़ुश होंगे. मेरा मूड़ और भी अच्छा हो गया.
 “और पहला नम्बर किसका आया?” पापा ने पूछा.
मैंने जवाब दिया:
 “पहला नम्बर, पापा, वोव्का का आया. उसे तो कब से तैरना आता है. उसके लिए तो ये ज़रा भी मुश्किल नहीं था...”
 “हाँ, हाँ, वोव्का!” पापा ने कहा. “और, दूसरा नम्बर किसका आया?”
 “और दूसरा,” मैंने कहा, “एक लाल बालों वाले लड़के का आया, मालूम नहीं उसका नाम क्या है. वो छोटे-से मेंढक के जैसा दिखता है, ख़ास तौर से पानी के अन्दर...”
 “और तू, मतलब, तीसरे नम्बर पे रहा?” पापा मुस्कुराए, मुझे बड़ी ख़ुशी हो रही थी. “कोई बात नहीं,” उन्होंने कहा, “कुछ भी कहो, तीसरा नम्बर भी तो इनाम का हक़दार होता है, कांस्य पदक! और, चौथे नम्बर पे कौन आया? याद नहीं है? किसका आया चौथा नम्बर?”
मैंने कहा:
 “चौथा नम्बर किसी का भी नहीं आया, पापा!”
उन्हें बड़ा अचरज हुआ.
 “ऐसा कैसे हो सकता है?”
मैंने कहा:
 “हम सबका तीसरा नम्बर आया: मेरा, और मीश्का का, और तोल्का का, और कीम्का का, सबका, सबका... वोव्का – पहले नम्बर पे, लाल बालों वाला मेंढक – दूसरे पे, और हम – बाकी के अठारह लोग, हम सबका तीसरा नम्बर आया. इन्स्ट्रक्टर ने ऐसा कहा!”
पापा ने कहा, “ आह, ये बात है...सब समझ में आ गया!...”
और वो फिर से अख़बार में दुबक गए.
 और न जाने क्यों मेरा मूड़ एकदम बिगड़ गया.

*****

Deevar par Motorcycle...

 दीवार पर मोटरसाइकल-रेस

लेखक: विक्टर द्रागून्स्की
अनु. : आ. चारुमति रामदास

जब मैं छोटा था तभी मुझे तीन पहियों वाली साइकल गिफ़्ट में दी गई थी. और मैं उस पर एकदम साइकल चलाना सीख गया. फ़ौरन बैठ गया और चल पड़ा, ज़रा भी नहीं डरा, जैसे कि मैं बिल्कुल 
ज़िन्दगी भर साइकिलों पर घूमता रहा हूँ.
मम्मा ने कहा:
”देखो, स्पोर्ट्स में कितना होशियार है.”
मगर पापा ने कहा: “बिल्कुल बन्दर की तरह बैठा है...”
अब मैं बहुत बढ़िया साइकिल चलाना सीख गया और काफ़ी जल्दी साइकिल पर अलग-अलग तरह के करतब भी करना सीख गया जैसे सर्कस के आर्टिस्ट करते हैं. मिसाल के तौर पर, मैं मुँह पीछे करके बैठता और आगे की ओर साइकिल चलाता, या सीट पर पेट के बल लेट जाता और किसी भी हाथ से पैडल घुमा लेता – चाहे सीधे हाथ से, चाहे उल्टे;
पैर फ़ैलाकर तिरछे बैठ जाता और साइकिल चलाता;
हैंडिल पर बैठ कर या तो आँखें बन्द कर लेता या फिर बिना हाथों के चलाता;
हाथ में पानी का गिलास पकड़े चलाता. मतलब, हर करतब में माहिर हो गया था.
फिर अंकल झेन्या ने मेरी साइकिल का एक पहिया मोड़ दिया, और वो दो पहियों वाली हो गई, मगर मैं बड़ी जल्दी फिर से सब कुछ सीख गया. कम्पाउण्ड के बच्चे मुझे “चैम्पियन ऑफ़ वर्ल्ड और हिज़ लोकेलिटी” कहने लगे.
और मैं अपनी साइकिल पर तब तक घूमता रहा जब तक कि साइकिल चलाते हुए मेरे घुटने हैण्डिल से ऊपर नहीं उठने लगे. तब मैंने अन्दाज़ लगाया कि अब इस साइकिल के लिए मैं बड़ा हो गया हूँ, और सोचने लगा कि न जाने कब पापा मेरे लिये असली साइकिल “स्कूलबॉय” खरीदेंगे.
और लीजिए, एक दिन हमारे कम्पाउण्ड में एक साइकिल आती है, और वो अंकल, जो उस पे बैठा है, पैर नहीं चला रहा है, मगर उसके नीचे साइकिल ड्रैगन-फ्लाइ की तरह फ़ट्-फ़ट् कर रही है, और अपने आप चल रही है. मुझे ख़ूब अचरज हुआ. मैंने तो ऐसा कभी देखा ही नहीं था कि साइकिल अपने आप चल रही हो. मोटरसाइकिल – और बात है, कार भी – और बात है, रॉकेट- समझ में आता है, मगर साइकिल? अपने आप?
मुझे अपनी आँखों पे विश्वास ही नहीं हुआ.
और वो अंकल, जो साइकिल पे आया था, मीश्का के प्रवेश-द्वार की ओर आया और रुक गया. और वो वाक़ई में अंकल था ही नहीं, बल्कि एक नौजवान लड़का था. फिर उसने साइकिल पाइप के पास रखी और चला गया. मैं अपना मुँह खोले वहीं रह गया. अचानक मीश्का बाहर निकला.
वो बोला:
 “क्या हुआ? ऐसे क्या खड़ा है?”
मैंने कहा:
 “ख़ुद-ब-ख़ुद चलती है, समझा?”
मीश्का ने कहा:
 “ये हमारे भतीजे फ़ेद्का की गाड़ी है. मोटर वाली साइकिल. फ़ेद्का हमारे यहाँ काम से आया है – चाय पीने.” 
मैंने पूछा:
 “क्या ऐसी मशीन वाली साइकिल चलाना मुश्किल है?”
 “ बकवास,” मीश्का ने कहा. “ये तो आधी ही किक में शुरू हो जाती है. एक बार पैडल दबाओ, और बस, तैयार – जा सकते हो. और इसमें सौ किलोमीटर्स तक के लिए पेट्रोल आ सकता है. और इसकी स्पीड है – आधे घण्टे में बीस किलोमीटर.
 “ओहो! ये हुई न बात!” मैंने कहा. “ये है मोटर वाली साइकिल! काश, इस पे घूम सकता!”
इस पर मीश्का ने सिर हिलाया:
 “पड़ेगी! फ़ेद्का मार डालेगा. सिर काट देगा!”
  “हाँ. ख़तरा है,” मैंने कहा.
मगर मीश्का ने इधर उधर देखा और अचानक बोला:
 “कम्पाउण्ड में कोई नहीं है, और तू वैसे भी “चैम्पियन ऑफ़ वर्ल्ड” है. बैठ! मैं गाड़ी को धक्का देने में मदद करूँगा, और तू बस एक बार पैडल को धक्का मार, बाकी सब कुछ बड़े आराम से हो जाएगा. गार्डन के चारों ओर दो-तीन चक्कर लगा ले, और हम चुपके से गाड़ी वापस जगह पे रख देंगे. हमारा फ़ेद्का बड़ी देर तक चाय पीता है. तीन गिलास गटक जाता है. चल!”
 “चल!” मैंने कहा.
मीश्का साइकिल पकड़ने लगा, और मैं उस पर विराजमान हो गया. एक पैर का मोज़ा तो वाक़ई में पैडल के किनारे को छू रहा था, मगर दूसरा पैर हवा में लटक रहा था, मैकरोनी की तरह. इस मैकरोनी से मैंने पाइप को धक्का दिया, और मीश्का मेरी बगल में दौड़ता हुआ चिल्लाया:
 “पैडल दबा, चल, दबा!”
मैंने कोशिश की, तिरछा होकर सीट से कुछ नीचे को सरका जिससे पैडल दबा सकूँ. मीश्का ने हैण्डिल में कोई चीज़ हिलाई...और अचानक गाड़ी फट्-फट् करने लगी, और मैं चल पड़ा!
मैं जा रहा था! अपने आप! पैडल नहीं दबा रहा – वहाँ तक पहुँचता ही नहीं, बस, चला जा रहा हूँ, बैलेन्स बनाए हुए हूँ!
ये बड़ा अद्भुत था! हवा मेरे कानों में सन्-सन् कर रही थी, चारों ओर की हर चीज़ जल्दी-जल्दी एक गोल बनाते हुए फिसलती जा रही थी: छोटा सा खम्भा, गेट, बेंच, बरसाती कुकुरमुत्ते, बालू-रेत, झूले, हाउसिंग कमिटी ; और फिर से छोटा सा खम्भा, गेट, बेंच, बरसाती कुकुरमुत्ते, बालू-रेत, झूले, हाउसिंग कमिटी, ; और फिर से खम्भा और शुरू से वही सब कुछ, और मैं घूमे जा रहा था, हैण्डिल से चिपके, और मीश्का मेरे पीछे भागे जा रहा है, मगर तीसरे चक्कर में वह चीख़ा:
 “मैं थक गया!” और वह खम्भे पर झुक गया.
और मैं अकेला घूमे जा रहा था, मुझे बड़ा अच्छा लग रहा था, मैं घूम ही रहा था और कल्पना कर रहा था, कि दीवार पर मोटर साइकल चलाने की रेस में हिस्सा ले रहा हूँ. मैंने देखा था कि सांस्कृतिक- पार्क  में बहादुर आर्टिस्ट कैसे रेस लगा रही थी...
और खम्भा, और मीश्का, और झूले, और हाउसिंग कमिटी – सब कुछ मेरी आँखों के सामने बड़ी देर तक घूमता रहा, सब कुछ बड़ा अच्छा था, सिर्फ़ मेरा पैर जो मैकरोनी की तरह लटक रहा था... उस पर जैसे थोड़ी-थोड़ी चीटियाँ रेंगने लगी थीं...और अचानक ऐसे लगा कि मैं अपने आप में नहीं था, हथेलियाँ फ़ौरन गीली हो गईं, और रुक जाने का मन करने लगा.
मैं मीश्का के क़रीब गया और चिल्लाया:
 “बस हो गया! रोक इसे!”
मीश्का मेरे पीछे भागा और चिल्लाया:
 “क्या? ज़ोर से बोल!”
मैं चिल्लाया:
 “तू क्या बहरा हो गया है?”
मगर मीश्का कब का पीछे रह गया था. तब मैं एक चक्कर और घूमा और चीखा:
 “गाड़ी को रोक, मीश्का!”
तब उसने हैण्डिल पकड़ लिया, गाड़ी उछली, वो गिर गया, और मैं फिर से आगे बढ़ गया. देखा कि वो फिर से खम्भे के पास मुझे मिला और दहाड़ा:
 “ब्रेक! ब्रेक!”
मैं उसके क़रीब से गुज़र गया और ब्रेक ढूँढ़ने लगा. मगर, ज़ाहिर है, मुझे तो मालूम ही नहीं था कि वह कहाँ होता है! मैं अलग-अलग तरह के स्क्रू घुमाने लगा और हैंडिल में कुछ-कुछ दबाने लगा. मगर कहाँ! कोई फ़ायदा नहीं हुआ. गाड़ी तो ऐसे फट्-फट् कर रही थी जैसे कुछ हुआ ही न हो, मगर मेरे मैकरोनी जैसे पैर में तो हज़ारों सुईयाँ चुभ रही थीं!
मैं चीख़ा:
 “मीश्का, ये ब्रेक कहाँ है?”
और वो :
 “मैं भूल गया!”
 और मैं:
 “याद कर!”
 “ठीक है, याद करता हूँ, तब तक तू और घूम ले!”
 “तू जल्दी से याद कर, मीश्का!” मैं फिर से चीखा.
और मैं और आगे घूमता रहा, मुझे महसूस हो रहा था कि मैं बिल्कुल ठीक नहीं हूँ, जी मिचला रहा था. मगर अगले चक्कर में मीश्का फिर से चिल्लाया:
 “याद नहीं आ रहा हि! तू कूदने की कोशिश कर!”
मैंने उससे कहा:
 “मेरा जी मिचला रहा है!”
अगर मैं जानता कि ये सब कुछ होगा, तो कभी भी इस गाड़ी पर नहीं घूमता, बेहतर है पैदल चलना, क़सम से!”
 “आगे से मीश्का फिर से चिल्लाया:
 “एक गद्दा लाना पड़ेगा जिस पे सोते हैं! जिससे कि तू उसमे घुस जाए और रुक जाए! तू काय पे सोता है?”
 “फोल्डिंग कॉट पे!”
और मीश्का:
 “तो फिर घूमता रह, जब तक पेट्रोल नहीं ख़तम हो जाता!”
मैं इस बात के लिए उस पर गाड़ी चढ़ाने ही वाला था. “जब तक पेट्रोल नहीं ख़तम हो जाता”... हो सकता है, मुझे दो हफ़्तों तक इसी तरह पार्क का चक्कर लगाते रहना पड़े, और हमारे पास तो मंगलवार को कठपुतलियों वाले थियेटर के टिकट हैं. और पैर में सुईयाँ चुभ रही हैं! मैं इस बेवकूफ़ पर चिल्लाया:
 “जा, अपने फ़ेद्का के पास भाग!”
 “वो चाय पी रहा है!” मीश्का चिल्लाया.
 “बाद में पी लेगा!” मैं दहाड़ा.
मगर उसने पूरी बात नहीं सुनी और मुझसे सहमत हो गया:
 “मार डालेगा! ज़रूर मार डालेगा!”
और सब कुछ फिर से मेरे सामने घूमने लगा: खम्भा, गेट, बेंच, बरसाती कुकुरमुत्ते, बालू-रेत, झूले, हाउसिंग कमिटी. फिर इसका उलटा: हाउसिंग कमिटी, झूले, बेंच, खम्भा, मगर फिर सब गड्ड्-मड्ड् हो गया: हाउम्भा, खम्कमिटी, कुकुरेंच...और मैं समझ गया कि हालत बुरी है.
मगर इसी समय किसीने पूरी ताक़त से गाड़ी को पकड़ लिया, उसने फट्-फट् करना बन्द कर दिया, और मेरे सिर पर ज़ोर से झापड़ मारा. मैंने अन्दाज़ लगाया कि मीश्का के फ़ेद्का ने आख़िरकार अपनी चाय ख़त्म कर ली है. मैं फ़ौरन भागने लगा, मगर भाग नहीं सका, क्योंकि मैकरोनी वाला पैर मुझे चुभ रहा था, खंजर की तरह. मगर फिर भी मैं बदहवास नहीं हुआ और एक ही पैर पर उछलते-उछलते फ़ेद्का के हाथ से छूट गया.
उसने भी मेरा पीछा नहीं किया.
मैं भी सिर पर मारने के कारण उस पर गुस्सा नहीं हुआ. क्योंकि बिना उसके तो, शायद मैं अब तक कम्पाउण्ड में गोल-गोल घूमता ही रहता.




                                        ****